प्रशासनिक कार्य प्रणाली को सुव्यवस्थित करने कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जारी किया आदेश
समय-सीमा व जनदर्शन, दौरा कार्यक्रम, कार्यालयीन उपस्थिति हेतु दिन हुए निर्धारित

बालोद, :- छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के परिपालन में कलेक्टर श्रीमत दिव्या उमेश मिश्रा ने आदेश जारी कर जनहित को सर्वोपरि रखते हुए एवं शासकीय कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने हेतु आदेश जारी किया है।
जारी आदेश में जिले के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय, कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।
इस अवधि में नस्तियों का निराकरण, विभागीय समीक्षा एवं आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
क्षेत्रीय निरीक्षण, निरीक्षण और अन्य बाह्य कार्यों हेतु केवल गुरूवार एवं शुक्रवार का दिन निर्धारित किया गया है।
अधिकारी अपने क्षेत्र के भ्रमण का कार्य इसी अवधि में नियोजित करेंगे। समय-सीमा व जनदर्शन समय-सीमा की बैठक व जनदर्शन सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को आयोजित होगी।
विशेष परिस्थति अति आवश्यक कार्य कानून व्यवस्था, या वरिष्ठ कार्यालय द्वारा आहुत बैठकों की स्थिति में ही उक्त समय सारणी में परिवर्तन मान्य होगा। उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है।
किसी भी प्रकार का उल्लंघन किये जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम के तहत अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना जाएगा। उल्लेखनीय है कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों के भ्रमण एवं दौरे के कारण कार्यालयीन कार्य तथा आम जनता से भेंट के समय में अनियमितता हो रही है।
प्रशासनिक कार्य प्रणाली को सुव्यवस्थित करने एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आदेश जारी किया गया है।




