विशेष अभियान 5.0: स्वच्छता से सुशासन की नई क्रांति, कुसुम शर्मा ने मोदी-साय की जोड़ी को बताया गेम-चेंजर
डौंडीलोहारा में भाजपा मंडल अध्यक्ष ने अभियान को बताया ऐतिहासिक, कहा- यह केवल सफाई नहीं, व्यवस्था परिवर्तन का महायज्ञ है।

डौडी लोहारा : – केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए “विशेष अभियान 5.0” को लेकर डौंडीलोहारा भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने इसे देश में स्वच्छता और सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करार दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान भारत को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा और प्रशासनिक व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।
यह राष्ट्रव्यापी अभियान 15 से 30 सितंबर तक प्रारंभिक चरण और 2 से 31 अक्टूबर तक मुख्य क्रियान्वयन चरण के रूप में चलाया जा रहा है। कुसुम शर्मा ने बताया कि इसका उद्देश्य केवल सरकारी दफ्तरों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबित मामलों का तेजी से निपटारा, ई-कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है।
कुसुम शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि की प्रशंसा करते हुए कहा, “विशेष अभियान 5.0 सिर्फ दफ्तरों की सफाई का अभियान नहीं, बल्कि यह सुशासन और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का एक महायज्ञ है। इससे पूरी प्रशासनिक व्यवस्था अधिक जनहितकारी और प्रभावशाली बनेगी।” उन्होंने इसे एक जनआंदोलन बताते हुए प्रत्येक नागरिक से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। शर्मा के अनुसार, “केंद्र और राज्य सरकार की यह संयुक्त पहल पूरे देश के लिए एक मिसाल बनेगी। मुख्यमंत्री साय की सक्रियता से यह अभियान छत्तीसगढ़ में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।”




