लापरवाही पर सख्त पीएचई विभाग, गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य को जमीदोज करने का आदेश जारी
नए सिरे से होगा निर्माण कार्य

बालोद :- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन में लगातार भ्रष्टाचार और अनियमितता की शिकायतें सामने आने के बाद विभागीय अफसर चैकन्ने हो गए हैं। जिसके चलते गुणवत्ताहीन निर्माण करने वाले ठेकेदारों की अब खैर नहीं।

जल जीवन मिशन के तहत गुणवत्ता को ताक पर रखकर बनाए गए पानी चार टंकियों को जमीदोज करने का आदेश पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता ने जारी किया है, जिससे ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। सभी टंकियों को तोड़कर नये सिरे से निर्माण करने के लिए पीएचई के ईई ने आदेश भी जारी कर दिया है।
उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बालोद के कार्यपालन अभियंता सागर वर्मा ने कहा कि बालोद जिले के कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित विभागीय उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देश हैं कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इसके अलावा निर्धारित समयावधि में पूरी गुणवत्ता के साथ जल जीवन मिशन का कार्य पूरा करने के निर्देश है। वहीं ठेकेदारों की लापरवाही पर कार्यवाही करने के लिए भी कहा गया है। इसलिए मथेना, सिवनी, रानीतराई और दरबारी नवागांव में बने पानी टंकी को तोड़ने का आदेश जारी किया गया है।
रानीतराई और दरबारी नवागांव की टूटेगी टंकी
लगातार गुणवत्ताहीन निर्माण किये जाने की शिकायत के बाद पीएचई विभाग के ईई सागर वर्मा ने टंकी की जांच के लिए एक टीम का गठन किया। टीम ने जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जिसमें पाया गया कि रानीतराई और दरबारी नवागांव में बने पानी टंकी मापदंड के अनुरूप नहीं है। जिसके बाद ईई वर्मा ने टंकी को जमीदोज करने का आदेश जारी किया। आदेश जारी होने के बाद रानीतराई में बने टंकी को तोड़ दिया गया है। वहीं दरबारी नवागांव में बने पानी टंकी को जल्द तोड़ने की कवायद शुरू कर दी जायेगी।
सिवनी और मथेना में टंकी का कुछ हिस्सा टुटा
जांच टीम ने सिवनी और मथेना में जल जीवन मिशन के तहत बने पानी टंकी का भी जायजा लिया। जिसमें सिवनी में बने पानी टंकी में टंकी का हिस्सा मापदंड के अनुरूप तैयार नहीं किया गया था। इसके अलावा मथेना में बने पानी टंकी की सिढ़ियां जांच में गुणवत्ताहीन पाई गई। जिस पर सिवनी में टंकी के हिस्से और मथेना में बने टंकी की सिढ़ियां तोड़ने का आदेश ईई सागर वर्मा ने जारी किया है। सभी जगह तोड़े गये टंकियों और उसके हिस्सों को नये सिरे से मापदंड के अनुसार निर्माण किया जायेगा।




