Monday, June 15, 2026

मोदी के 12 साल सचमुच बेमिसाल, हर वर्ग हुआ सशक्त और खुशहाल :– यज्ञदत्त शर्मा

मोदी के 12 साल सचमुच बेमिसाल, हर वर्ग हुआ सशक्त और खुशहाल :– यज्ञदत्त शर्मा

बालोद :– भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में “बढ़ता भारत, बदलता भारत” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष वास्तव में बेमिसाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में देश की बागडोर संभालने के बाद स्वयं को प्रधानमंत्री नहीं बल्कि “प्रधान सेवक” मानते हुए राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उनके नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं।

आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत, सशक्त और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है।
यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि लंबे समय तक देश में शासन करने वाली सरकारें जिस गति से विकास नहीं कर सकीं, उसे प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दृढ़ संकल्प, पारदर्शी कार्यशैली और परिणाम आधारित प्रशासन से संभव कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का “संकल्प से सिद्धि” का मंत्र केवल नारा नहीं, बल्कि उनकी कार्यशैली का मूल आधार है। यही कारण है कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप नहीं लगे और सरकार ने पारदर्शिता व जवाबदेही का नया उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को पुनर्जीवित करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन महाकाल लोक, सोमनाथ मंदिर के विकास सहित अनेक धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन से देश की गौरवशाली पहचान को नई मजबूती मिली है।
यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। आज गरीब परिवार भी सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं और उन्हें मूलभूत सुविधाएं सुलभ हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए कौशल विकास योजना, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और विकसित भारत रोजगार योजना जैसी पहलें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान कर रही हैं। वहीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, ड्रोन दीदी योजना, मातृ वंदना योजना और महिला समृद्धि योजना जैसी योजनाएं प्रभावी साबित हो रही हैं।
किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, उन्नत बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण, मृदा परीक्षण और कृषि सब्सिडी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है।
यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश आंतरिक और बाह्य सुरक्षा के क्षेत्र में भी मजबूत हुआ है। आतंकवाद, नक्सलवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। भारत की सैन्य शक्ति और वैश्विक प्रतिष्ठा में लगातार वृद्धि हुई है, जिसके कारण आज विश्व के प्रमुख देश भारत के साथ मजबूत संबंध स्थापित करने के इच्छुक हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, आर्थिक विकास, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय गौरव के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की जनता का विश्वास ही मोदी सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के बल पर विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है।
अंत में यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियां ऐतिहासिक हैं और यह कालखंड भारत के स्वर्णिम विकास युग के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वास्तव में मोदी जी के 12 साल बेमिसाल रहे हैं, क्योंकि आज देश सुरक्षित है और युवा, महिला, किसान सहित समाज का हर वर्ग विकास एवं खुशहाली की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!