सर्विकल कैंसर से निजात पाने जिले में महाअभियान की शुरुआत
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन और सीएमएचओ डॉ. जे .एल. उइके के मार्गदर्शन में चलेगा अभियान

बालोद :- बालोद जिले में सर्विकल कैंसर से निजात पाने के लिए टीकाकरण महा अभियान की शुरुआत कर दी गई है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एल. उइके के मार्गदर्शन में 16 मार्च 2026 को जिला स्तरीय सर्विकल कैंसर के विरूद्ध राष्ट्रीय एचपीव्ही टीकाकरण अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय बालोद में किया गया। जहां मातृ एवं शिशु अस्पताल में 14 वर्षीय बालिका कु. रिया देवदास पिता श्री विजय देवदास एवं कु. गार्गी देशमुख पिता सूर्यकान्त देशमुख को एचपीव्ही वैक्सीन से टीकाकृत करके किया गया।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सर्विकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीव्ही टीका वर्तमान में जिला चिकित्सालय में प्रत्येक कार्य दिवस में लगाया जायेगा। इस हेतु वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14वां जन्म दिवस मना लिया हो परन्तु 15वां जन्मदिन न मनाया हो। आयु के प्रमाण पत्र हेतु आधार कार्ड/फोटो आई.डी. कार्ड मान्य किया जायेगा। पहचान पत्र न होने पर माता पिता द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पत्र भी मान्य किया जायेगा। जिस हेतु फिजिकल कान्सेंट फार्म एवं एज डिक्लरेशन फार्म पूर्ण रूप से भरकर यूविन पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। टीकाकरण पश्चात् लाभार्थी को यूविन पोर्टल द्वारा जारी डिजिटल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जायेगा।
इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डा. आर.के. श्रीमाली, जिला टीकाकरण अधिकारी डा. जितेन्द्र कुमार सिंह, आरसीएच नोडल अधिकारी डा. सानू नायक, खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी श्री आर.के सोनबाई, जिला वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर श्री रविकान्त साहू, जिला वैक्सीन स्टोर मैनेजर श्री राजेन्द्र कुमार सहारे, एएनएम श्रीमती सेवती चन्दन, बालोद अर्बन के समस्त मितानिन, जिला चिकित्सालय के अधिकारी कर्मचारी व अस्पतात में उपचारत मरीज व उनके परिजन उपस्थित रहे।




