Wednesday, October 28, 2026

बालोद में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 737 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार स्कूटी की डिक्की में छिपाकर रखी थीं नशीली कैप्सूल, तीन मोबाइल फोन और करीब 60 हजार रुपये कीमत की स्कूटी जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

बालोद में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 737 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

स्कूटी की डिक्की में छिपाकर रखी थीं नशीली कैप्सूल, तीन मोबाइल फोन और करीब 60 हजार रुपये कीमत की स्कूटी जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

बालोद। जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ बालोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रामाडोल (Tramadol) की कुल 737 कैप्सूल बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4,790.50 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान तीन मोबाइल फोन और एक होंडा डियो स्कूटी भी जब्त की गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण में थाना बालोद पुलिस द्वारा नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

10 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा, बालोद निवासी सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं अपनी काले रंग की होंडा डियो स्कूटी क्रमांक CG 24 V 7412 की डिक्की में नशीली दवाइयां रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई की।

स्कूटी की डिक्की से मिलीं 449 कैप्सूल

तलाशी के दौरान सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं की स्कूटी की डिक्की में लाल पॉलीथीन में रखी TraiSPAS (Tramadol) की 449 कैप्सूल बरामद की गईं। इन कैप्सूल का कुल वजन 255.930 ग्राम तथा अनुमानित कीमत 2,918.50 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और लगभग 60 हजार रुपये कीमत की स्कूटी भी जब्त की।

दो अन्य आरोपियों के कब्जे से भी मिलीं कैप्सूल

पुलिस के अनुसार, पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों के कब्जे से भी नशीली दवाइयां बरामद की गईं।

दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 25 निवासी शंकर नायडू के कब्जे से SPAS-TRASCEN-PLUS (Tramadol) की 144 कैप्सूल बरामद की गईं। इनकी अनुमानित कीमत 936 रुपये बताई गई है। आरोपी से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

इसी प्रकार बालोद के नया पारा निवासी भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल के कब्जे से भी इसी ब्रांड की 144 कैप्सूल बरामद की गईं। इनकी कीमत भी लगभग 936 रुपये बताई गई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया।

कुल 737 कैप्सूल बरामद, तीन मोबाइल और स्कूटी जब्त

पुलिस की कार्रवाई में तीनों आरोपियों से कुल 737 कैप्सूल बरामद हुई हैं। इनमें TraiSPAS (Tramadol) की 449 कैप्सूल तथा SPAS-TRASCEN-PLUS (Tramadol) की 288 कैप्सूल शामिल हैं। बरामद दवाइयों की कुल अनुमानित कीमत 4,790.50 रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज, तीनों आरोपी जेल भेजे गए

इस मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) में कार्रवाई की गई। पुलिस ने सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं को 10 अक्टूबर 2026 को तथा शंकर नायडू और भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल को 11 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मामले में बरामद दवाइयों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होना और विवेचना से जुड़ी अन्य कार्रवाई अभी शेष है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक आशमा कुर्रे, आरक्षक चुरेंद्र कुर्रे, बनवाली साहू, संजय सोनी, खिलेश नेताम, वेद प्रकाश भुआर्य, नागेश्वर साहू तथा साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक धरम भुआर्य और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस की आम नागरिकों से अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार, बिक्री या परिवहन से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की भी अपील की है।

नशामुक्त बालोद, सुरक्षित समाज — बालोद पुलिस सुरक्षा, सेवा एवं विश्वास के लिए सदैव प्रतिबद्ध।

Previous article
Next article
RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!