साइबर जागृति अभियान में 2,357 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को किया जागरूक
बालोद पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित किए जागरूकता कार्यक्रम

बालोद। छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” के तहत बालोद जिले में पुलिस द्वारा व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में 20 अगस्त को जिले के विभिन्न थाना, चौकी एवं साइबर सेल क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 2,357 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन लेन-देन में होने वाली धोखाधड़ी सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।
पुलिस ने समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

इन स्थानों पर हुए जागरूकता कार्यक्रम
थाना मंगचुवा क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद स्कूल मंगचुवा, चौकी हल्दी क्षेत्र में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पैरी, प्राथमिक शाला पैरी एवं सरस्वती विद्या मंदिर पैरी में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
साइबर सेल/दल्लीराजहरा द्वारा निर्मला इंग्लिश मीडियम स्कूल राजहरा, ग्राम घोटिया कॉलेज, थाना गुरुर द्वारा विद्या कुंज स्कूल गुरुर, थाना दल्लीराजहरा द्वारा DAB School राजहरा में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इसी तरह थाना देवरी द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरदफोड़, थाना सनौद द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बासीन, थाना गुंडरदेही द्वारा श्रीराम विद्या मंदिर पैरी, थाना सुरेगांव द्वारा मिडिल स्कूल हथौद तथा चौकी पिनकापार द्वारा हाई स्कूल नवागांव में साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
संदिग्ध लिंक और ऐप से रहें सावधान
पुलिस ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड नहीं करने तथा सोशल मीडिया अकाउंट को सुरक्षित रखने की सलाह दी। ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।
5 से 10 लोगों को करें जागरूक
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ कम से कम 5 से 10 अन्य लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाएं। पुलिस ने जागरूकता की सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की अपील भी की, ताकि साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और संबंधित पुलिस थाना को भी सूचना दें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ सकती है।
बालोद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय हमेशा सतर्क रहें, अनजान व्यक्ति के साथ अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक, कॉल एवं मैसेज से सावधान रहें।




