बालोद में 21 और 22 अगस्त को लगेगा कैंसर स्क्रीनिंग कैंप, संदिग्ध मरीजों की होगी जांच
जिला अस्पताल बालोद और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा में आयोजित होंगे शिविर, सुबह 10 बजे पहुंचने की अपील

बालोद :- जिले में कैंसर की समय पर पहचान और उपचार की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। एनपी-एनसीडी कार्यक्रम एवं बाल्को मेडिकल सेंटर रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में जिले में एक दिवसीय कैंसर स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा।
इसके लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला बालोद द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी पत्र के अनुसार 21 अगस्त 2026 को जिला चिकित्सालय बालोद तथा 22 अगस्त 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा में कैंसर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया जाएगा।
शिविर में जिले के स्वास्थ्य केंद्रों से चिन्हांकित किए गए संदिग्ध मरीजों की विशेषज्ञों द्वारा जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वास्थ्य केंद्रों में जांच के दौरान सामने आए ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर के संदिग्ध मरीजों को निर्धारित स्थल पर समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसके लिए मरीजों को शिविर स्थल पर सुबह 10 बजे अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को कैंप का लाभ मिल सके।
स्क्रीनिंग के माध्यम से समय पर पहचान पर जोर
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में शुरुआती स्तर पर पहचान होने से उपचार की संभावना बेहतर रहती है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस स्क्रीनिंग कैंप में संदिग्ध मरीजों की जांच कर आवश्यकतानुसार आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से चिन्हांकित मरीजों को भी विशेषज्ञ जांच की सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश
जारी पत्र में यह भी कहा गया है कि जिले में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं एनसीडी क्लीनिक में कार्यरत स्टाफ नर्सों को बाल्को मेडिकल सेंटर रायपुर के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाना प्रस्तावित है।
जो स्वास्थ्यकर्मी इस प्रशिक्षण के इच्छुक हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अधिकारियों से कैंप के लिए आवश्यक सहयोग, स्थल व्यवस्था तथा चिन्हांकित मरीजों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।
इस पहल से जिले में कैंसर के संभावित मामलों की समय रहते पहचान करने और मरीजों को उचित चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।




