डौंडीलोहारा में गूंजा देशभक्ति का संदेश, निकली भव्य तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व नगर में उमड़ा देशप्रेम का सैलाब, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

डौंडीलोहारा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व डौंडीलोहारा नगर में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
नगर के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम से प्रारंभ हुई इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया और भारत माता के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड, विवेकानंद चौक, काली माई मंदिर, टिकरापारा एवं सदर लाइन होते हुए पुनः लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान नगरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तिरंगे का सम्मान किया।

समापन कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अतिथि टीनेश्वर बघेल ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा किसी पार्टी विशेष की यात्रा नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हम सभी भारतीयों की पहचान और गौरव है। देश की रक्षा करना और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी में देशभक्ति एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शिवनाथ बघेल ने कहा कि देश की रक्षा एवं राष्ट्रहित के कार्यों में हम सभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की पहचान, गौरव और शान का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी नारायण बंजारा, मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा, पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य देवेंद्र जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य होरीलाल रावटे, जनपद उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, उपाध्यक्ष नेहा उपाध्याय, सुमेंद्र देशमुख, दुष्यंत गिरी गोस्वामी, कार्यक्रम संयोजक संदीप लोढ़ा, मीडिया प्रभारी प्रीतम साहू, कॉलेज जनभागीदारी अध्यक्ष जसराज शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा में पार्षद सुभद्रा टांडेकर, रेवती कोलियारे, सूर्यकला ठाकुर, वीर सिंह ठाकुर, एल्डरमेन लता गुप्ता, धीरेंद्र टॉक, जीव राखन कौमार्य, हीरेंद्र गायकवाड़, मनोज भंडारी, संदीप भंसाली, कमलेश जैन, दिलीप सिन्हा, दिलीप बाफना, धीरज जैन, अजय बाफना, मीनू ठाकुर, तुकाराम साहू, आरती संचेती, देव देवांगन, राजेंद्र आरदे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यात्रा में प्रगति विद्यालय, आनंद पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद विद्यालय एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकगणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे नगर में उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए राष्ट्रहित और देशभक्ति की भावना को निरंतर मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।




