9 सूत्रीय मांगों को लेकर अर्जुन्दा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, डेढ़ घंटे तक चक्काजाम
विधायक कुंवर सिंह निषाद के नेतृत्व में सड़क पर उतरे कांग्रेस नेता और सैकड़ों ग्रामीण, मुख्यमंत्री व दोनों उपमुख्यमंत्रियों का पुतला फूंका; पुलिस से हुई झूमाझटकी, प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम

बालोद/अर्जुन्दा। क्षेत्रीय समस्याओं और 9 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को अर्जुन्दा नगर में कांग्रेस ने जोरदार आंदोलन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दाऊ चौक में आयोजित आंदोलन का नेतृत्व गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने किया।

आंदोलन में जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, यूथ कांग्रेस के नेता तथा गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, अवैध शराब और जुआ-सट्टा सहित क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आंदोलन की शुरुआत दाऊ चौक में सभा से हुई। सभा में विधायक कुंवर सिंह निषाद सहित कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि कई विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति नहीं दिखाई दे रही है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों का फूंका पुतला
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं दोनों उपमुख्यमंत्रियों का पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, जिसे लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक झूमाझटकी की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दाऊ चौक के पास सड़क पर चक्काजाम शुरू कर दिया।
डेढ़ घंटे तक थमा आवागमन, सड़क पर डटे रहे कांग्रेसी और ग्रामीण

चक्काजाम के चलते दाऊ चौक से गुजरने वाले मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण सड़क पर बैठ गए। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से चर्चा कर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मांगों के निराकरण की दिशा में कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय मांगा, लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते रहे।
बाद में विधायक कुंवर सिंह निषाद ने प्रशासन को 10 दिन का समय दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में यदि समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आगे आंदोलन को लेकर निर्णय लेगी।
9 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को घेरा
कांग्रेस और ग्रामीणों ने अर्जुन्दा सहित गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर 9 सूत्रीय मांगें प्रशासन और सरकार के सामने रखीं। आंदोलनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से कई समस्याएं बनी हुई हैं और उनके निराकरण के लिए लगातार मांग उठाई जा रही है।
जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग
आंदोलन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों की जर्जर सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक एवं ग्रामीणों ने कहा कि कई सड़कों के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कांग्रेस ने स्वीकृत राशि से संबंधित सभी सड़क निर्माण कार्यों को जल्द शुरू कर पूर्ण कराने की मांग की।
स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और स्टाफ की कमी
ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। आंदोलनकारियों ने कहा कि कई स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। इसके कारण ग्रामीणों को उपचार के लिए दूसरे शहरों और बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। कांग्रेस ने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक पदों पर जल्द नियुक्ति एवं पदस्थापना की मांग की।
जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर कार्रवाई की मांग
अर्जुन्दा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कथित जुआ-सट्टा और अवैध शराब की गतिविधियों का मुद्दा भी आंदोलन में प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों से सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अवैध शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर कार्रवाई करने की मांग की।
बढ़ी बिजली दरों को कम करने की मांग
बिजली की बढ़ी हुई दरों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। आंदोलनकारियों ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने विद्युत दरों को कम करने और आम लोगों को राहत देने की मांग की।
10 दिन का समय, कार्रवाई नहीं हुई तो फिर आंदोलन
चक्काजाम समाप्त कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से लगातार बातचीत की। अधिकारियों द्वारा मांगों के निराकरण के लिए समय मांगे जाने के बाद विधायक कुंवर सिंह निषाद ने प्रशासन को 10 दिन का समय दिया। विधायक ने स्पष्ट किया कि यदि इस अवधि में मांगों के निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आगे की रणनीति तय करेगी और आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है।
ये विपक्षी नेता रहे मौजूद
आंदोलन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, पूर्व जिला अध्यक्ष चन्द्रप्रभा सुधाकर, कृष्णा दुबे, बालोद नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विकास चोपड़ा, बालोद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बाला बोकड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीण मौजूद रहे।




