Saturday, August 29, 2026

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 17 मामलों में जब्त 227 किलो गांजा और 14,880 नशीली गोलियां-कैप्सूल नष्ट, कीमत 29.52 लाख रुपये

 

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 17 मामलों में जब्त 227 किलो गांजा और 14,880 नशीली गोलियां-कैप्सूल नष्ट, कीमत 29.52 लाख रुपये

बालोद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बालोद पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट के मामलों में जब्त मादक पदार्थों के विधिवत नष्टीकरण की बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में मंगलवार को 17 प्रकरणों में जब्त करीब 29.52 लाख रुपये मूल्य के गांजा और नशीली दवाइयों का सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से नष्टीकरण किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन में गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की देखरेख में संपन्न हुई।

17 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का हुआ नष्टीकरण
पुलिस के अनुसार एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-बी के तहत दर्ज 17 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का निपटान किया गया।

इनमें 227.155 किलोग्राम गांजा के साथ-साथ 12,000 नशीली टैबलेट और 2,880 नशीले कैप्सूल, यानी कुल 14,880 नशीली दवाइयां शामिल थीं।
जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 29,52,275 रुपये आंकी गई है।
भिलाई इस्पात संयंत्र में जलाकर किया गया नष्टीकरण
मादक पदार्थों के नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया दुर्ग जिले के थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के एसएमएस-3 यूनिट के भरमीकरण यंत्र में विधिवत जलाकर पूरी की गई। पूरी कार्रवाई न्यायालयीन प्रक्रिया और निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप की गई।
जिला स्तरीय समिति की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई
नष्टीकरण की कार्रवाई का नेतृत्व जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने किया। इस दौरान समिति की सदस्य एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, जिला आबकारी अधिकारी पलक नंद सहित समिति के अन्य सदस्य और पंच उपस्थित रहे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संपन्न कराई गई।
नशामुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
बालोद पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध और सुरक्षित नष्टीकरण न केवल न्यायालयीन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी एक प्रभावी पहल है।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
बालोद पुलिस की अपील
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें। यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों का निर्माण, बिक्री, परिवहन या सेवन संबंधी जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।
“सुरक्षित बालोद – नशामुक्त बालोद” 🚔

RELATED ARTICLES

Most Popular

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
error: Content is protected !!