विष्णु के सुशासन में प्रधानमंत्री आवास योजना से आई रवि बाई और रमउ कुंभकार के जीवन में खुशियों की सौगात
महतारी वंदन योजना से रवि बाई को मिल रही है नियमित आर्थिक सहायता
बालोद, :- 22 अप्रैल 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मेहनत मजदूरी कर अपने एवं अपने परिवार के लिए दो जून की रोटी की व्यवस्था करने वाले रवि बाई और रमउ कुंभकार के जीवन में खुशियों की नई सौगात मिली है। बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम सिकोसा में रमउ कुंभकार और उनकी पत्नी रवि बाई की जिंदगी मेहनत, धैर्य और संघर्ष का जीवंत चित्र है।

रमउ, जो पेशे से कुम्हार हैं और मजदूरी करके अपने परिवार का जीवननिर्वाह करते हैं। वे कई वर्षों से एक सपना संजोए हुए थे, जिसमें वे अपने परिवार को कच्चे घर की टपकती छत और कमजोर दीवारों से मुक्ति दिलाकर, एक पक्का मकान बनाना चाह रहे थे। उनकी पत्नी रवि बाई, जो घर-गृहस्थी संभालने के साथ-साथ अपने पति के हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहीं, वह इस सपने की साक्षी थीं।
रवि बाई ने बताया कि उनका कच्चा घर, जो बारिश में टपकता था और सर्दियों में ठंड से सुरक्षा नहीं दे पाता था, अब एक मजबूत पक्के मकान में बदल चुका है। उसने बताया कि यह सब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत संभव हो पाया है।
जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका नाम आवास स्वीकृति की सूची में आया तो उन्होंने इस अवसर को अपने दोनो हाथों से थामते हुए अपने परिवार के लिए एक सुरक्षित आशियाना तैयार किया। रवि बाई बताती है कि अब वे अपने नए घर की चैखट पर खड़े होकर उसकी मजबूत दीवारों और पक्की छत को निहारते हैं, तो उनके चेहरे पर खुशी और संतुष्टि का अहसास होता है।
रमउ ने पक्का आवास पाकर अपनी खुशियाॅ व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे परिवार ने कई वर्ष कच्चे घर में गुजारे, यह मकान सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि हमारी उम्मीदों और बच्चों के भविष्य की नींव है।यह पक्का मकान हमारी मेहनत और सरकार की मदद का प्रतीक है। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी को दिल से धन्यवाद देता हूँ कि उन्होंने हम जैसे गरीबों के सपने को सच किया। पक्के मकान की खुशी के साथ-साथ रवि बाई के जीवन में एक और सकारात्मक बदलाव आया है, छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना। इस योजना के तहत रवि बाई को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जो उनके परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है। यह राशि न केवल रवि बाई को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि उन्हें अपनी छोटी छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए बेहतर निर्णय लेने का आत्मविश्वास भी दे रही है।
रवि बाई ने इस योजना के लिए भी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त कहा कि मुख्यमंत्री की इस योजना ने मेरे जैसी अनेक महिलाओं की जिंदगी को आसान बना दिया है।
रमउ और रवि बाई के जीवन की यह कहानी केवल एक पक्के मकान या आर्थिक सहायता की कहानी नहीं है। यह उस विश्वास और बदलाव की कहानी है, जो मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में आमजनों के परिवारों में आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने रमउ और रवि बाई को एक सुरक्षित घर दिया, तो महतारी वंदन योजना ने रवि बाई को आर्थिक स्वावलंबन की राह दिखाई।
इन योजनाओं ने न केवल इस दंपति के जीवन को बदला, बल्कि उनके परिवार के लिए एक बेहतर भविष्य की नींव भी रखी।




