जिला स्वर्णकार संघ के नए जिलाध्यक्ष बनाए गए कमलेश सोनी, कहा – सामूहिक प्रयास से ही होगा समाज का उत्थान*
*बालोद में संपन्न हुआ स्वर्णकार संघ का परिचय व सम्मान समारोह, नई कार्यकारिणी का किया गया गठन

बालोद:- रविवार को शहर के कला केंद्र स्थित सभागार में जिला स्वर्णकार संघ बालोद इकाई द्वारा परिचय, भेंट एवं सम्मान समारोह का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में बालोद शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों स्वर्णकार बंधुओं ने सहभागिता दर्ज कर समाज की एकता और संगठनात्मक शक्ति का परिचय दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से की गई। जिसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल-श्रीफल से आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश सोनी, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी एवं वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद रीता सोनी उपस्थित रहीं।

*समाज की एकजुटता जरूरी – कमलेश सोनीनगर पालिका उपाध्यक्ष एवं स्वर्णकार समाज के जिलाध्यक्ष कमलेश सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की मजबूती के लिए आवश्यक है कि सभी स्वर्णकार बंधु एकजुट हों। उन्होंने सामुदायिक भवन के लिए भूमि की आवश्यकता पर विशेष बल दिया और कहा कि यदि समाज संगठित होकर प्रयास करे तो किसी भी संसाधन की कमी नहीं रहेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर पालिका स्तर पर समाज के हित में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

*हर परिवार जुड़ें संगठन से – सुरेश सोनी*
पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज का वास्तविक उत्थान तब होता है जब हर परिवार संगठन से जुड़ता है और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करता है। उन्होंने युवाओं और नई पीढ़ी को समाज की परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि वे समाज के लिए हमेशा मार्गदर्शक की भूमिका में रहेंगे और हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्पर हैं।

*महिलाओं की भागीदारी से होगा विकास – रीता सोनी*
पार्षद रीता सोनी ने कहा कि समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सिर्फ पुरुषों पर निर्भर न रहकर महिलाएं भी समाज की बैठकों, आयोजनों और निर्णयों में भाग लें। उन्होंने यह भी कहा कि जब समाज की महिलाएं आगे आएंगी, तभी समाज का संतुलित और समग्र विकास संभव हो सकेगा।
नई कार्यकारिणी को मिली जिम्मेदारी*
इस अवसर पर बालोद स्वर्णकार संघ की नवीन कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं:
अध्यक्ष – कमलेश सोनी
सचिव – जितेंद्र कुमार सोनी
उपाध्यक्ष – अनिल कुमार सोनी
कोषाध्यक्ष – पंकज सोनी
महिला विंग
अध्यक्ष – रीता सोनी
सचिव – इंदिरा सोनी
उपाध्यक्ष – प्रियंका सोनी
संरक्षक मंडल में सुरेश सोनी, राजेश सोनी, विनय सोनी, राज सोनी, संजीव सोनी, जागेश्वर सोनी, सुरेंद्र सोनी, सुभाष सोनी एवं अजय सोनी को शामिल किया गया। जिन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का सम्मान किया तथा समाज की आगामी रणनीतियों पर चर्चा हेतु शीघ्र बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं और युवतियों द्वारा परिचय सत्र भी आयोजित किया गया। जिससे समाज में नई ऊर्जा का संचार हुआ। पूरे आयोजन का उद्देश्य समाज को संगठित कर सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यों को गति देना रहा। समारोह में समाज के वरिष्ठ जनों में शंकर लाल सोनी, रमेश सोनी, अभिषेक सोनी, देवेंद्र सोनी, दीपक सोनी, सोनम सोनी, गजेंद्र सोनी, अमित सोनी, स्वप्निल सोनी, करण सोनी सहित सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही। इसी प्रकार महिला विंग से मीना सोनी, इंदिरा सोनी, रीता सोनी, प्रियंका सोनी, शीतल सोनी, शीला सोनी, अन्नपूर्णा सोनी, डाली सोनी, रेनू सोनी एवं रानू सोनी विशेष रूप से सक्रिय रहीं। कार्यक्रम का संचालन नवनिर्वाचित सचिव जितेंद्र कुमार सोनी द्वारा किया गया।




