मुख्यमंत्री के खिलाफ व्हाट्सएप्प स्टेटस लगाना पड़ा भारी
भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर थाने में मामला दर्ज

बालोद :- बालोद जिले के सकरौद के रहने वाले युवक को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ व्हाट्सएप्प स्टेटस लगाना भारी पड़ गया। युवक के खिलाफ भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में शिकायत की। शिकायत के बाद थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है।

दरअसल रनचिरई थाना इलाके के सकरौद गांव के रहने वाले वीरनारायण साहू पिता बेनुराम साहू ने अपने व्हाट्सएप्प स्टेटस पर मौसम खराब होने और बिजली कटौती के संबंध में पोस्ट किया। बिजली कटौती को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से जोड़कर लिखा गया।
इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ डिबेड करने और जीवन भर गुलामी करने जैसी बात अपने व्हाट्सएप्प स्टेटस पर लिखी।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जोड़कर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उल जलूल पोस्ट लिखा और व्हाट्सएप्प स्टेटस पर पोस्ट कर दिया।
जैसे ही युवक द्वारा किये गये पोस्ट की जानकारी कचांदुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष युवराज मारकण्डे को लगी तो वह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रनचिरई थाना पहुंचे और वीरनारायण साहू के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद आरोपी युवक के खिलाफ धारा 296, 353(1), 353(1)(b), 353(1)(c) और 356(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।




