जिले में शनिवार 15 नवंबर से शुरू होगा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण
पहले दिन जिले के 52 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी हेतु 301 किसानों का टोकन जारी

बालोद,:- राज्य शासन के निर्देशानुसार संपूर्ण प्रदेश के साथ-साथ बालोद जिले के धान खरीदी केन्द्रों में भी वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य शनिवार 15 नवंबर से विधिवत प्रारंभ हो जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
इसके अंतर्गत राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों में अपने धान के विक्रय हेतु आने वाले किसानों के लिए शुद्ध पेयजल, बैठक एवं छांव इत्यादि व्यवस्था, धान के नाप-तौल हेतु इलेक्ट्राॅनिक कांटा बाट, आर्द्रता मापी यंत्र, इंटरनेट की समुचित उपलब्धता, चालू हालत में कम्प्यूटर सेट एवं यूपीएस एवं जनरेटर, धान खरीदी केन्द्रों में बारदानों में लगाए जाने वाले स्टेनशील की व्यवस्था, उपार्जन केन्द्रों में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की उलपब्धता, दीमक रोधी दवाइयां, रंग एवं समुचित मात्रा में सुतली आदि की व्यवस्था, इस कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों का समुचित प्रशिक्षण, पर्याप्त संख्या में हमालों की व्यवस्था, डनेज हेतु फ्लाई ऐश/सीमेंट ब्लाक की व्यवस्था, प्लास्टिक बैग एवं धान की भूसी एवं प्राथमिक उपचार की पेटी आदि सभी जरूरी सामग्रियों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई है।
इसके अलावा समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर आॅपरेटरों के हड़ताल के कारण जिले में धान खरीदी का कार्य प्रभावित न हो इसके लिए समिति के रूप में अन्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही धान खरीदी के कार्य को निर्बाध रूप से जारी रखने हेतु कम्प्यूटर आॅपरेटरों की भी वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इन सभी अधिकारी-कर्मचारियों की प्रशिक्षण की भी समुचित व्यवस्था की गई है। उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आरके राठिया ने बताया कि धान खरीदी के पहले दिन शनिवार 15 नवंबर को जिले के 52 उपार्जन केन्द्रों में कुल 13998 क्विंटल धान की खरीदी हेतु 301 किसानों का टोकन जारी किया गया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य को बिना किसी अवरोध के जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के अलावा जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के अलावा सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के द्वारा पूरे समय मुस्तैद होकर कार्य की निरंतर माॅनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा जिले में वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर भी धान की खरीदी सुनिश्चित हो जिला प्रशासन द्वारा इसकी भी पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही जिले में अवैध धान की खरीदी एवं बिक्री के रोकथाम के उपाय भी समुचित व्यवस्था की गई है। इसके लिए उड़नदस्ता टीम के गठन के अलावा संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर उनकी सतत निगरानी की जा रही है। इसके अलावा चेक पोस्टों के माध्यम से भी समुचित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
–00–




