कभी दिन तो कभी रात के अंधेरे में चल रहा अवैध मुरम खनन का कारोबार, खनिज विभाग मौन

बालोद :- बालोद जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला थमा ही नहीं और अवैध मुरम खनन जोरों से जारी है। बालोद जिले के कोरगुड़ा, चिल्हाटी में इन दिनों खुलेआम अवैध मुरम खनन किया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसान मुरम का खनन बुंदेली गांव के एक माफिया द्वारा किया जा रहा है जो फिलहाल बालोद नगर में रहता है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मुरम का खनन कभी रात के अंधियारे में किया जाता है तो कभी दिन के उजाले में। बावजूद इसके खनिज विभाग के जिम्मेदारों की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।
बता दें कि मुरम खनन करने वाले यह माफिया बीते कई सालों से इसी तरह मुरम की चोरी कर सरकार को अब तक लाखों करोड़ों के राजस्व का चुना लगा चुके हैं और अभी कोरगुड़ा, चिल्हाटी में अवैध रूप से मुरम का खनन कर रहा है।
जबकि मुरम खनन और परिवहन के लिए पंचायत से अनुमति के अलावा खनिज विभाग से भी अनुमति लेना अनिवार्य है। लेकिन उक्त माफिया द्वारा किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई है। बावजूद इसके खनिज विभाग के अफसर उक्त माफिया पर मेहरबानी बनाए हुए हैं।




