Punjab Weather Update : पंजाब और चंडीगढ़ में 10 मार्च तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। बारिश या तेज़ हवाओं को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अब तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। हालांकि, बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकतम औसत तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य तापमान के आसपास ही बना रहा।
वहीं, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। पटियाला में अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली-अंबाला और अंबाला-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है।
फरवरी और मार्च में सामान्य से कम बारिश
फरवरी महीने में सामान्य से 20% कम बारिश दर्ज की गई। आमतौर पर इस महीने में 27.1 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार केवल 21.6 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, मार्च में अब तक 59% कम बारिश हुई है। इस मौसम में 5.7 मिलीमीटर बारिश होनी थी, लेकिन अब तक सिर्फ 3.6 मिलीमीटर बारिश हुई है।
बीते 24 घंटों में भी कहीं बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च का महीना भी गर्म रहेगा। मार्च के पहले सप्ताह में पंजाब और आसपास के राज्यों में तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है। 7 से 14 मार्च के बीच तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा।




