कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जनदर्शन में पहुँचे लोगों से उनके मांगों एवं समस्याओं की ली जानकारी
अधिकारियों को तलब कर आवेदकों के मांगों एव समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के दिए निर्देश

बालोद, :- 29 जुलाई संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम जिले के विभिन्न स्थानों से अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु पहुँचे आम नागरिकों के लिए राहत भरा साबित हुआ। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के विभिन्न स्थानों से पहुँचे लोगों से मधुर एवं आत्मीय बातचीत कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर आवेदकों के मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। जनदर्शन में आज ग्राम पलारी के परमेश्वर साहू ने सहायता राशि दिलाने, ग्राम नैकूरा के आनंदराम ने पीएम आवास की स्वीकृति दिलाने, ग्राम कसहीकला के समलिया राम ने क्षतिपूर्ति राशि दिलाने, कोबा के वासुदेव ने खाता विभाजन कराने, ग्राम कोपेडेरा के हरीशचन्द्र ने भूमि का पट्टा दिलाने, ग्राम मुड़खुसरा के भुवनेश्वर साहू ने विद्युत पोल हटाने, ग्राम मुजगहन के ग्रामीणों ने अवैध कब्जा हटाने एवं ग्राम देवरी द के घनश्याम ने विद्युत कनेक्शन दिलाने, ग्राम चिरईगोड़ी निवासी श्री कोमलराम ने मनरेगा मजदूरी दिलाने की मांग की। जनदर्शन में आज जिले के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या मंे लोग कलेक्टर से मुलाकात करने पहुँचे थे। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जनदर्शन में पहुँचे लोगों से बारी-बारी से मुलाकात कर पूरी आत्मीयता से उनके मांगों एवं समस्याओं को सुना। श्रीमती मिश्रा ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से जनदर्शन में पहुँचे लोगों के मांगों एवं समस्याओं के समुचित निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में आज अपर कलेटक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।




