कलेक्टर श्रीमती दिव्या मिश्रा ने जनदर्शन में पहुँचे लोगों से उनके मांगों एवं समस्याओं की ली जानकारी
अधिकारियों को तलब कर आवेदकों के मांगों एव समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के दिए निर्देश

बालोद, :- संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम जिले के विभिन्न स्थानों से अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु पहुँचे आम नागरिकों के लिए राहत भरा साबित हुआ। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के विभिन्न स्थानों से पहुँचे लोगों से मधुर एवं आत्मीय बातचीत कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर आवेदकों के मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जनदर्शन में आज ग्राम भालूकोन्हा की आरती साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत करने, ग्राम खुरसुनी के ग्रामीणों ने फसल क्षति का मुआवजा राशि दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इसी तरह ग्राम सिवनी की पूर्णिमा सिन्हा ने मितानित प्रोत्साहन राशि दिलाने, खामतराई की जामबाई ने प्राकृतिक आपदा से घर में हुई क्षति का मुआवजा दिलाने, ग्राम पैरी के धुर्वाराम ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने सहित जनदर्शन में आज जिले के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या मंे लोग कलेक्टर से मुलाकात करने पहुँचे थे। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जनदर्शन में पहुँचे लोगों से बारी-बारी से मुलाकात कर पूरी आत्मीयता से उनके मांगों एवं समस्याओं को सुना। श्रीमती मिश्रा ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से जनदर्शन में पहुँचे लोगों के मांगों एवं समस्याओं के समुचित निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में आज अपर कलेटक्टर श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।




