जिला कौशल विकास प्राधिकरण का वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का किया आयोजन
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने की जिले में कौशल विकास योजना अंतर्गत चल रहे गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा, वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने हेतु ली सुझाव

बालोद, :- जिला कौशल विकास प्राधिकरण बालोद का वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वास्तविक कार्ययोजना तैयार करने हेतु मंगलवार 03 फरवरी को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संबंधित विभाग के अधिकारियों से जिला कौशल विकास प्राधिकरण के वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने आवश्यक सुझाव लिया गया।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कौशल विकास योजना अंतर्गत जिले में चल रहे गतिविधियों के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों से बारी-बारी से जानकारी ली।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, सहायक संचालक कौशल विकास श्री विकास देशमुख, महाप्रबंधक जिला एवं व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, उप संचालक कृषि एवं मछली पालन विभाग के सहायक संचालक सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों के अलावा व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदाता संस्थानों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिले में पंजीकृत व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदाता संस्था एवं कोर्स की जानकारी के अलावा वित्तीय वर्ष 2024-25 से लेकर अब तक व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदाता संस्थानों द्वारा अब तक दिए गए प्रशिक्षण एवं नियोजन की स्थिति की भी समीक्षा की। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक कार्य योजना के अनुरूप प्रशिक्षण एवं जिले में उपलब्ध कोर्स में प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण की भी समीक्षा करने के अलावा जिले में कौशल विकास योजना के विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली।




