कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने ग्राम रेंगनी में चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण कर जल संरक्षण हेतु ग्रामीणों को किया प्रेरित
विकसित भारत जी राम जी के प्रावधानों के संबंध में दी विस्तृत जानकारी

बालोद, :- कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश ने आज डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम रेंगनी में चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने वहाँ चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य तथा सौंदर्यीकरण के कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तालाब गहरीकरण कार्य में कार्यरत ग्रामीणों के बीच बैठकर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को जल का महत्व बताते हुए कहा कि जल का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सहभागिता से ही संभव है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कार्यरत 172 मजदूरों से उनके काम एवं मजदूरी भुगतान समय पर मिलने संबंधी जानकारी ली और निर्माणाधीन सभी कार्यों को 15 मार्च तक गुणवत्तायुक्त पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विकसित भारत जीरामजी अंतर्गत लोगो को 125 दिवस का रोजगार मिलेगा। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री सुनील चंद्रवंशी ने ग्रामीणों को विकसित भारत जी राम जी के प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत मुख्यरूप से जल संरक्षण एवं जल संवर्धन, आजीविका संवर्धन, वनिकरण, बाढ़ आपदा, ग्रामीण अवसंरचना पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अलावा उन्होंने सभी हितग्राहियों से प्रत्येक घर मे सोखता निर्माण करने, गांव को साफ सुथरा रखने, धान की खेती मे परिवर्तन कर गन्ना की खेती मे बढ़ावा देने को कहा।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ग्राम रेंगनी में ग्रीष्मकालीन धान के बदले गन्ने की फसल लेने हेतु तैयार कर रहे किसान के खेत में पहुँचकर, उसके खेत का अवलोकन किया। उन्होंने किसान को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ग्रीष्मकालीन धान के बदले गन्ना की फसल लाभकारी है। उन्होंने गांव के अन्य किसानों को भी ग्रीष्मकालीन धान के बदले गन्ना की फसल लेने प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर एसडीएम श्री शिवनाथ बघेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंकज देव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा ग्रामीणजन उपस्थित थे।




