छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत बर्खास्त किए गए 25 संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत सेवा बहाली के आदेश जारी

रायपुर :- छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत बर्खास्त किए गए 25 संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने इनकी सेवा बहाली के आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेश के अनुसार ये कर्मचारी 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे, जिसके कारण प्रशासनिक कार्रवाई के तहत उन्हें सेवा से पृथक कर दिया गया था। बाद में राज्य स्वास्थ्य समिति (कार्यकारिणी समिति) की बैठक तथा स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पत्राचार के आधार पर हड़ताल अवधि में की गई कार्रवाई को निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
NHM ने स्पष्ट किया है कि इन 25 संविदा कर्मचारियों की सेवा बहाली जिला स्तर पर की जाएगी तथा उनकी कार्य उपस्थिति स्वीकार की जाएगी। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला स्वास्थ्य समितियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह आदेश मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी किया गया है। सेवा बहाली के इस फैसले से संविदा कर्मचारियों में राहत और संतोष का माहौल है।
आदेश जारी होने के बाद NHM कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव तथा मिशन संचालक का आभार व्यक्त किया है। साथ ही प्रदेश के लगभग 16500 NHM कर्मचारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।




