विशाल तिरंगा यात्रा से राष्ट्र भक्ति की भावना से सराबोर हुआ बालोद शहर
जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, गणमान्यजनों, छात्र-छात्राओं, मीडिया प्रतिनिधियों सहित सभी वर्ग के लोगों ने की कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता, देश प्रेमियों का उमड़ा हुजुम
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने स्वच्छता अभियान एवं पानी का सदुपयोग करने तथा पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु दिलाई शपथ

बालोद, :- भारत की आजादी के 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर बालोद जिला प्रशासन द्वारा समाज के सभी वर्ग के लोगों के सहभागिता से आज आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा से बालोद शहर राष्ट्र भक्ति की भावना से सराबोर रहा।

नगर व जिले के गणमान्य नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, स्वच्छता दीदियों, मीडिया प्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से आज आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा राष्ट्र भक्ति भावना से ओत-प्रोत होकर समूचा बालोद शहर तिरंगामय हो गया।

जिला प्रशासन के इस आयोजन में देश पे्रमियों का हुजुम उमड़ पड़ा। शहर वासियों ने जगह-जगह पर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, पवन साहू, अभिषेक शुक्ला एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, एसडीएम नूतन कंवर, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवांश राठौर के अलावा नगर के गणमान्य नागरिकों अधिकारी-कर्मचारियों छात्र-छात्राओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों सहित सभी वर्ग के लोगों ने अपने हाथ में तिरंगा झण्डा लेकर राष्ट्र भक्ति गीत एवं धुन के साथ भारत माता की जय घोष करते हुए बालोद शहर का भ्रमण किया।

जिला प्रशासन के इस महत्वपूर्ण आयोजन में समाज के सभी वर्ग की सहभागिता से राष्ट्र भक्ति की भावना जीवंत होकर प्रत्येक देशवासियों को राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि आज का विशाल तिरंगा यात्रा जिला मुख्यालय बालोद के सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान से प्रारंभ होकर घड़ी चैक, पुराना बस स्टैण्ड, हलधर नाथ चैक, मधु चैक, जय स्तंभ चैक होते हुए वापस सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान में तिरंगा रैली का समापन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को अपने गांव एवं पंचायत को स्वच्छ एवं सजल बनाए रखते हुए विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर बनाने हेतु अपनी बहुमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई। श्रीमती मिश्रा ने स्वच्छता को अपने स्वभाव एवं संस्कारों में शामिल कर इसे अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने की भी शपथ दिलाई। इसके अलावा उन्होंने उपस्थित लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नही करने तथा इसका प्रबंधन करने के तथा पानी के एक-एक बूँद का सदुपयोग करते हुए अपने गांव, शहर एवं मोहल्ले तथा परिवार एवं जान-पहचाने के लोगों को भी पानी के सदुपयोग करने के महत्वपूर्ण कार्य में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देश भक्तिपूर्ण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुती दी गई।
उल्लेखनीय है कि आजादी के अमृत महोत्सव पर ’हर घर तिंरगा, हर घर स्वच्छता’ की थीम पर आयोजित इस तिरंगा यात्रा के अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान में मानव श्रृंखला के माध्यम से हर घर तिंरगा के आकृति का भी निर्माण किया गया था।




