अपर कलेक्टर ने अपने पिता की पुण्यतिथि पर कांदुल के स्कूली बच्चों को दिया न्योता भोज
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधियो में भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख एवं ग्रामीण हुए शामिल

बालोद, :- 27 नवंबर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने अपने पिता श्री जीवनलाल कौशिक की पुण्य तिथि के अवसर पर आज जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम कांदुल के स्कूली बच्चों को न्योता भोज दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने भी जिले के आला अधिकारियों सहित स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांदुल में जमीन में बैठकर न्योता भोज ग्रहण किया।
इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट खिलाड़ियों आदि का फूलमाला एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम लाने वाले विद्यार्थियों को स्कूल बैग तथा खिलाड़ियों को स्पोर्टस शूज प्रदान किया गया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्कूली विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई के संबंध में समझाईश भी दी।
उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छी शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर ने बच्चों को पूरे मनोयोग तथा निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पढ़ाई-लिखाई कर जीवन में उपलब्धि हासिल कर अपने संस्थान, माता-पिता एवं परिवार का नाम रोशन करने को कहा।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख और अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्योता भोज के आयोजन के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चन्द्राकर, नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, एसडीएम श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा के अलावा जिला स्तरीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिका एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।




